जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी-मरीन ड्राइव इलाके में करीब 3 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी भी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार दोमुहानी-मरीन ड्राइव मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार चारों लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालकर आगे की कार्रवाई की गई। शुरुआती जानकारी में कार के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
सीएम हेमंत सोरेन और इरफान अंसारी ने जताया दुख
घटना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य मृतकों के निधन को बेहद दुखद बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी घटना पर दुख जताया और मंत्री के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की राजनीतिक भूमिका भी चर्चा में
दीपिका पांडेय सिंह झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री हैं। हाल के दिनों में रांची में जेएसएससी-जेपीएससी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान भी उनकी भूमिका चर्चा में रही थी। उन्होंने छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने और बातचीत के जरिए समाधान की बात कही थी। अगस्त में रांची सदर अस्पताल पहुंचकर उन्होंने छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का अनशन जूस पिलाकर समाप्त कराया था।







