Home » कार पर पलटा गन्ने से ओवरलोड ट्रक, घंटेभर बाद सही सलामत निकला सिपाही
उत्तर प्रदेश

कार पर पलटा गन्ने से ओवरलोड ट्रक, घंटेभर बाद सही सलामत निकला सिपाही

बरेली के हाफिजगंज में पीलीभीत हाईवे के बाइपास पर शुक्रवार शाम पांच बजे गन्ने से भरा ओवरलोड ट्रक एक कार पर पलट गया। इससे कार ट्रक और गन्ने के नीचे दब गई। घंटेभर चले बचाव अभियान के बाद जब ट्रक व गन्ना हटाया गया तो कार सवार हेड कांस्टेबल नौशाद सुरक्षित निकल आए। उनके हाफिजगंज और बदायूं स्थित घरों में जश्न का माहौल है।

हेड कांस्टेबल है नौशाद अहमद : बदायूं शहर में कटरा ब्राह्मपुर निवासी 50 वर्षीय नौशाद अहमद पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल हैं। उनकी तैनाती बिजनौर के सिवाया कलां थाने में है। रिठौरा में तैनाती के दौरान नौशाद ने हाफिजगंज में बाइपास पर मकान बना लिया है और परिवार के कुछ सदस्य यहां रहते हैं। नौशाद ने बताया कि शाम पांच बजे वह कार से नवाबगंज जा रहे थे। बाइपास पर वह पुलिया के पास पहुंचे तो नवाबगंज की ओर से आ रहा गन्ना भरा ओवरलोड ट्रक उनकी कार पर पलट गया।

पूरी तरह ट्रक से दब गई थी कार :  प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पूरी तरह से ट्रक के नीचे दब गई। उसके ऊपर गन्ने का अंबार भी था। बाहर से सिर्फ कार के पहिये दिख रहे थे। सूचना पर पुलिस पहुंची। ग्रामीण खुद भी गन्ना हटाने में जुट गए। हाईवे पर काम कर रही कंपनी की क्रेन व जेसीबी मंगाई गई। दो क्रेन व जेसीबी की मदद से घंटेभर बाद ट्रक को उठाया गया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। क्रेन की मदद से कार को खींचा गया। उसमें फंसे नौशाद को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

देवदूत बने ग्रामीण और पुलिस :  बरेली-पीलीभीत हाइवे पर जब गन्ने से लोड ट्रक नौशाद की कार पर पलट गया तो लोगों को कहीं से कार दिखाई नहीं दे रही थी। बस आसपास के लोगों ने ग्रामीणों को बताया कि ट्रक के नीचे कार दबते देखी है। उसके बाद ग्रामीण जीजान से गन्ना हटाने में जुट गए। क्रेन पहुंचने से पहले भीड ने काफी गन्ना नीचे गिरा दिया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को उठवा लिया।

Search

Archives