Home » दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूटने का आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग साथी भी पकड़ाए
कोरबा • छत्तीसगढ़

दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूटने का आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग साथी भी पकड़ाए

कोरबा। कोरबा जिलान्तर्गत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने महिलाओं से दिनदहाड़े पर्स लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए कथित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा हैं की वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं में लगभग 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पहली घटना 3 नवंबर की है। पोड़ीबहार निवासी महिला लगभग 4.07 बजे पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार लोगो ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया और उनके हाथ से पर्स लूटकर फरार हो गए।

दूसरी घटना 4 नवंबर को शाम लगभग 4 से 4.30 बजे के बीच हुई। महिला अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने जा रही थीं। तभी मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया।

लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

उसने पुलिस को बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए थे। वहीं, खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से एक फोन और दोनों मामलों में लगभग 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने कथित मुख्य आरोपी निवासी महावीर चौक के पास, 15 ब्लॉक, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को 5 नवंबर को गिरफ्तार किया, वहीं, उसके दोनों नाबालिग साथियों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्यवाही पश्चात न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।