जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग सहित सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 476 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ 38 लाख रुपये है। यह गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश की तरफ ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तस्करी के काम में लाई जा रही एक लोडिंग टाटा पिकअप और एक मोटरसाइकिल भी मौके से जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में खास तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ओडिशा में गांजे की आपूर्ति किसने की थी और उत्तर प्रदेश में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूछताछ और जांच के बाद गांजे की सप्लाई से लेकर उसके परिवहन और खरीदारों तक की पूरी कड़ी सामने आने की उम्मीद है।







