उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप भागीरथी नदी में इनोवा कार गिरने के हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वाहन में सात लोग सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री गुजरात के साबरमती क्षेत्र के निवासी हैं और उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे। हालांकि, उनकी पहचान और पते की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। हादसे के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोर नदी के तेज बहाव में सर्च अभियान चला रहे हैं। गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत एवं बचाव दल सक्रिय हो गए। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं।
रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाकर नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए। वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों ने मोर्चा संभाला हुआ है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मनेरा से एनडीआरएफ के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस की ओर से सभी यात्रियों के नाम, पते और पहचान की पुष्टि करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासनिक स्तर पर पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जा रही है। आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि रेस्क्यू के दौरान किसी घायल के मिलने पर उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।







