बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बच्चों की एक शरारत ने रेलवे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उसलापुर और घुटकू रेलवे स्टेशन के बीच लोखंडी फाटक के पास बने ब्रिज से कुछ बच्चों ने गुजरती मालगाड़ी पर साइकिल का टायर फेंक दिया। टायर मालगाड़ी के इंजन के ऊपर जा गिरा और बिजली के संपर्क में आने से उसमें आग लग गई। अचानक तेज चिंगारियां निकलने और धमाके जैसी आवाज सुनाई देने से लोको पायलट सतर्क हो गया। उसने तत्काल मालगाड़ी रोककर स्थिति का जायजा लिया। समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के कारण दो यात्री ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार, 3 नवंबर की सुबह करीब छह बजे हुई। उस समय कटनी की ओर से बिलासपुर आ रही एक खाली मालगाड़ी लोखंडी फाटक के पास से गुजर रही थी।
मालगाड़ी की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी थी। इसी दौरान ब्रिज के ऊपर से फेंका गया साइकिल का टायर इंजन की छत पर गिर गया। बताया जा रहा है कि टायर ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन और पेंटोग्राफ के संपर्क में आया, जिससे तेज स्पार्क हुआ और टायर में आग लग गई। अचानक तेज आवाज सुनकर लोको पायलट ने बिना देरी किए मालगाड़ी रोक दी। नीचे उतरकर जब उसने इंजन की छत की ओर देखा तो वहां टायर का जलता हुआ टुकड़ा नजर आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।







