रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो
प्लेटफॉर्म पर दो बार गिरी, तीसरी कोशिश में पकड़ ली चलती ट्रेन
आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब वह चलती ट्रेन पकड़ने के प्रयास में प्लेटफॉर्म पर दो बार बुरी तरह फिसलकर गिर गई। गनीमत रही कि तीसरी कोशिश में वह किसी तरह कोच के भीतर चढ़ने में सफल रही और एक बड़ा हादसा टल गया।
पानी लेने उतरी, ट्रेन ने पकड़ी रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला प्लेटफॉर्म पर पानी लेने के लिए उतरी थी। इसी दौरान ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली। ट्रेन के भीतर उसका बच्चा अकेला था। बच्चे को अकेला देख महिला घबरा गई और जान की परवाह किए बिना दौड़ते हुए ट्रेन का हैंडल पकड़ने लगी। पहली बार पैर फिसलने से वह प्लेटफॉर्म पर गिर गई। दूसरी बार हैंडल छूटने से वह रगड़ती हुई नीचे गिरी। इस दौरान वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में फंसने से बाल-बाल बची। हालांकि हिम्मत न हारते हुए तीसरी बार में वह किसी तरह कोच के भीतर चढ़ गई।
लोग देखते रहे, किसी ने नहीं की मदद
घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद दर्जनों लोग केवल तमाशबीन बने रहे। किसी ने ट्रेन की चेन खींचने या महिला की मदद करने की कोशिश नहीं की। कई लोग इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आए। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
रेलवे की सख्त चेतावनी
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही बताया है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी स्थिति में चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश न करें। यदि सामान या परिजन ट्रेन में छूट जाएं तो तुरंत स्टेशन मास्टर या आरपीएफ को सूचित करें। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि एक क्षण की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है। नियमों का पालन ही सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।
सावधानी ही सुरक्षा
यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना कितना खतरनाक हो सकता है। यात्रियों को सतर्क रहना चाहिए और यात्रा के दौरान जल्दबाजी से बचना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







