भारत और न्यूजीलैंड के बीच 9 मार्च यानी आज चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया। 25 साल बाद एक बार फिर यह दोनों टीमें आईसीसी के सीमित ओवर प्रारूप के खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस प्रारूप में अपने भविष्य को लेकर बड़ा फैसला कर सकते हैं।
रोहित के पास धोनी के क्लब में शामिल होने का मौका- लंबे समय तक भारतीय टीम को कुशल बल्लेबाज और कप्तान के तौर पर सेवाएं देने वाले रोहित शर्मा का यह सीमित ओवर का आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट (ICC Tournament) हो सकता है। भारत इस खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हिटमैन के नेतृत्व में टीम इंडिया अब तक चैपिंयस ट्रॉफी में अजेय रही है। अगर भारत ट्रॉफी अपने नाम करने में सफल रहता है तो फिर महेंद्र सिंह धोनी के बाद हिटमैन एक से अधिक आईसीसी प्रतियोगिता जीतने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन जाएंगे।
अगरकर से चर्चा कर सकते हैं रोहित- रोहित की अगुआई में भारत ने पिछले साल वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप जीता था। इसके बाद रोहित और विराट कोहली ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास ले लिया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि रोहित चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy) के बाद इस तरह का फैसला कर सकते हैं और इसमें मैच का परिणाम कोई भूमिका नहीं निभाएगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सूत्रों के अनुसार चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित वनडे में अपने भविष्य को लेकर चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के साथ चर्चा कर सकते हैं।
फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं आए रोहित- भारतीय क्रिकेट में देखा गया है कि चयनकर्ता किसी बड़े खिलाड़ी के भविष्य को लेकर फैसला नहीं करते हैं बल्कि खिलाड़ी स्वयं इसको लेकर बोर्ड के शीर्ष पदाधिकारियों से बात करते हैं। अगर भारत चैंपियंस ट्रॉफी जीतता है तो कप्तान रोहित संन्यास की घोषणा कर सकते हैं लेकिन यह बात समझ में आती है कि फाइनल से पहले वह संन्यास से जुड़े सवालों से बचने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं आए। उनकी जगह उपकप्तान शुभमन गिल ने पत्रकारों को संबोधित किया और बताया कि ड्रेसिंग रूम में किसी खिलाड़ी के संन्यास को लेकर कोई चर्चा नहीं चल रही है।
रोहित के संन्यास पर क्या बोले गिल?
गिल ने कहा, हमने इस बारे में बात नहीं की है। हमारी सारी चर्चा सिर्फ मैच जीतने को लेकर हुई है और हमें बस यह मुकाबला जीतना है। रोहित ने इस बारे में ना सिर्फ मुझसे बल्कि टीम से भी चर्चा नहीं की है। मुझे लगता है कि रोहित भी बस फाइनल जीतने के बारे में सोच रहे हैं। उपकप्तान गिल ने कहा, मुझे लगता है कि रोहित पहले चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy) जीतने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। मैच खत्म होने के बाद वह इसे लेकर फैसला ले सकते हैं, लेकिन टीम में किसी से भी मैंने इस बारे में कुछ सुना नहीं है।







