भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 में अपने अभियान की शुरुआत जबरदस्त अंदाज में की। 5 सितंबर को खेले गए पूल-बी मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 11-0 के विशाल अंतर से रौंद दिया। टीम की ओर से उदिता दुहान और ब्यूटी डुंग डुंग ने दो-दो गोल दागे। उदिता ने 30वें और 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि डुंग डुंग ने 45वें और 54वें मिनट में अपना जलवा दिखाया। इनके अलावा मुमताज खान (7वें मिनट), संगीता कुमारी (10वें), नवनीत कौर (16वें), लालरेम्सियामी (18वें), थौदाम सुमन देवी (49वें), शर्मिला देवी (57वें) और रुताजा पिसल (60वें) ने भी गोल कर टीम की जीत पक्की की।
जापान से भारत का अगला मुकाबला- गौरतलब है कि भारत इस टूर्नामेंट में अपनी दो दिग्गज खिलाड़ियों गोलकीपर सविता पूनिया और ड्रैग फ्लिकर दीपिका के बिना खेल रहा है। दोनों चोटिल होने के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं। थाईलैंड पर जीत के बाद भारत का अगला मैच शनिवार को जापान से होगा, जबकि पूल चरण का आखिरी मुकाबला 8 सितंबर को सिंगापुर के खिलाफ खेला जाएगा।







