लंदन। दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार से होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग-11 घोषित कर दी है। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर ये खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। तेंबा बावुमा की अगुआई वाली टीम में ज्यादातर कोर ग्रुप को बरकरार रखा गया है।
दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार डब्ल्यूटीसी (WTC) फाइनल में जगह बनाई है, जबकि ऑस्ट्रेलिया खिताब बचाने के इरादे से इस मैच में उतरेगा। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने इस मैच के लिए कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है और करीब उस कोर ग्रुप को बरकरार रखा है जिसने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती थी। शीर्ष क्रम की जिम्मेदारी कप्तान बावुमा और एडेन मार्करम पर होगी। मार्करम आईपीएल 2025 में अच्छी फॉर्म में थे और वह इसे फाइनल में भी बरकरार रखना चाहेंगे।







