सिंगापुर। भारतीय बैडमिंटन के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में इस भारतीय सनसनी ने इंडोनेशिया की मजबूत जोड़ी को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पूर्व नंबर एक भारतीय जोड़ी ने खिताबी सूखा समाप्त करते हुए पहली बार सिंगापुर ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। सात्विक-चिराग ने पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में इंडोनेशिया के फजर अलफियान और मोहम्मद सोहिबुल फिकरी को हराया। एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन भारतीय जोड़ी ने इस तरह दो साल में अपना पहला और विश्व टूर का कुल नौवां खिताब अपने नाम किया है।

सात्विक-चिराग का शानदार प्रदर्शन : सिंगापुर ओपन के बने विजेता, इंडोनेशियाई जोड़ी को हराया
इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ बेहतर नहीं था रिकॉर्ड : फाइनल से पहले भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की इस जोड़ी के खिलाफ खेले गए तीन मुकाबलों में से दो में हार का सामना करना पड़ा था। इस प्रतिद्वंद्वी जोड़ी के खिलाफ उनकी पिछली हार जनवरी में मलयेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में हुई थी। कड़े मुकाबले वाले पहले गेम में पिछड़ने के बावजूद भारतीय जोड़ी ने अपने खेल की गति बढ़ाई और लंबी रैलियों में दबदबा बनाते हुए विश्व नंबर तीन इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ मुकाबले का रुख पलट दिया।
खुशी से झूम उठे सात्विक-चिराग : यह जीत भारतीय जोड़ी के लिए शानदार सप्ताह का समापन भी रही। उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के मौजूदा विश्व चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त किम वोन-हो तथा सियो सेउंग-जे की जोड़ी को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। जीत का निर्णायक अंक हासिल होते ही सात्विक और चिराग जश्न मनाने के लिए कोर्ट पर लेट गए। इसके बाद सात्विक ने बच्चों जैसी खुशी का प्रदर्शन किया, जबकि उत्साहित चिराग ने जोरदार दहाड़ लगाई और अपने साथी पर कूद पड़े। बाद में दोनों खिलाड़ियों ने कोर्ट पर नृत्य किया और पोडियम के शीर्ष पायदान पर लंबे समय बाद वापसी का भरपूर आनंद लिया।






