अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम आईपीएल में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के सपने को पूरा करने के लिए रविवार को मैदान में उतरेगी। उसके सामने गुजरात टाइटंस की कड़ी चुनौती होगी, जिससे इस मुकाबले में दो अलग-अलग खेल शैलियों की टक्कर देखने को मिलेगी।
आरसीबी ने अपने आक्रामक और बेखौफ अंदाज से टूर्नामेंट में दबदबा कायम किया है, तो वहीं टाइटंस ने धैर्य और संयमित खेल से प्रभावित करते हुए पांच वर्षों में तीसरी बार फाइनल का टिकट पक्का किया है।
लगातार दूसरी बार अहमदाबाद करेगा मेजबानी
- अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम लगातार दूसरी बार आईपीएल 2026 के फाइनल मैच की मेजबानी करेगा।
- इससे पहले 2025 में भी इसी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला गया था जहां आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था।
- अब एक बार फिर आरसीबी इसी मैदान पर खिताब का बचाव करने उतरेगी।
- दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस के पास होम ग्राउंड पर खिताब जीतने का मौका रहेगा।
बेखौफ अंदाज में खेल रही है RCB : पहले क्वालिफायर में आरसीबी ने बेखौफ अंदाज से टाइटंस को शिकस्त दी थी। पिच की स्थिति या विरोधी गेंदबाजी रणनीति का भी उनके इस आक्रामक रवैये पर बहुत कम असर पड़ा है और इस सत्र में कोई अन्य टीम उतनी बार 200 से अधिक रन नहीं बना सकी है जितनी बार आरसीबी ने बनाए हैं। कप्तान रजत पाटीदार की शांत और संतुलित नेतृत्व शैली ने भी पिछले दो सत्रों में टीम को स्थिरता दी है। वह पूर्व कप्तानों विराट कोहली या फाफ डुप्लेसिस जितने भावनात्मक रूप से मुखर नहीं हैं, लेकिन उनके फैसलों में आत्मविश्वास झलकता है, जिससे टीम के अनुभवी और युवा खिलाड़ी दोनों सहज महसूस करते हैं।







