भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान उनके बाएं घुटने में लगी चोट से वह अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। ऐसे में चयन समिति ने उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है।
आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में जगह मिली है। जम्मू-कश्मीर के इस युवा तेज गेंदबाज ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 104 विकेट लिए हैं। 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 60 विकेट चटकाए और जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।
हाल ही में इंडिया ए के साथ श्रीलंका दौरे पर थे : आकिब नबी हाल ही में इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे। वहां उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मैचों में छह विकेट अपने नाम किए थे। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम अब सीनियर भारतीय टीम में चयन के रूप में मिला है।
आकिब के आंकड़े
- आकिब ने अभी तक 43 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 162 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 24 रन देकर सात विकेट रहा है। उन्होंने 16 बार पारी में पांच विकेट चटकाए हैं।
- इसके अलावा आकिब 36 लिस्ट-ए और 39 टी20 भी खेल चुके हैं। लिस्ट-ए में उन्होंने 56 विकेट और टी20 में 43 विकेट चटकाए हैं।
- लिस्ट-ए में आकिब का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 39 रन देकर चार विकेट है, जबकि टी20 में यह 16 रन देकर चार विकेट है।
- आकिब ने प्रथम श्रेणी में 18.84 की औसत से 999 रन भी बनाए हैं। इनमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। इसके अलावा लिस्ट-ए में आकिब के नाम 27.23 की औसत से 572 रन हैं। इनमें एक शतक शामिल है।







