एक अगस्त का दिन भारत के लिए काफी ऐतिहासिक रहा जिसमें कुल 16 मेडल जीतने में सफलता मिली जिसमें सबसे ज्यादा बॉक्सिंग के अलग-अलग इवेंट में 7 गोल्ड सहित कुल 10 मेडल आए। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एक अगस्त का दिन खत्म होने पर मेडल टैली में भारत की लंबी छलांग देखने को मिली जिसमें 39 पदकों के साथ चौथे नंबर पर कब्जा कर लिया है। अब सभी की नजरें ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के आखिरी दिन यानी 2 अगस्त को होने वाले इवेंट पर है जहां भारतीय एथलीट सिर्फ जूडो और ट्रैक साइकिलिंग के इवेंट में हिस्सा लेंगे। इसमें सबसे ज्यादा नजरें ओलंपियन अवतार सिंह पर रहने वाली हैं।
उम्मीद से भी बढ़कर देखने को मिला एथलीटों का प्रदर्शन
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन उम्मीद से भी बढ़कर देखने को मिला है। वहीं आखिरी दिन भी सभी को मेडल की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। 2 अगस्त को जहां ट्रैक साइकिलिंग के 40 किलोमीटर प्वाइंट्स रेस में भारत के दिनेश कुमार और हर्षवीर सिंह सेखों हिस्सा लेंगे, वहीं महिला जूडो में 78 किग्रा कैटेगिरी में इशरूप नारंग एक्शन में दिखाई देंगी। इसके अलावा सबसे ज्यादा नजरें जूडो के पुरुष 100 किग्रा इवेंट में हिस्सा लेने वाले अवतार सिंह पर रहने वाली हैं जो एलिमिनेशन राउंड में साइप्रस के एरिस्टोस का सामना करने वाले हैं। अगर भारत के जूडो खिलाड़ी जीतते हैं, तो वे अगले राउंड में पहुंचेंगे जो दोपहर में होंगे और सेमीफाइनल राउंड भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का 2 अगस्त को रहेगा यह शेड्यूल
- ट्रैक साइकिलिंग – पुरुषों की 40 किलोमीटर प्वाइंट्स रेस के पहले राउंड में दिनेश कुमार और हर्षवीर सिंह सेखों (भारतीय समयानुसार दोपहर 2:09 बजे)
- जूडो – महिलाओं के 78 किग्रा एलिमिनेशन राउंड ऑफ 16 में इशरूप नारंग बनाम निकोल वुड (स्कॉटलैंड) (भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे)
- जूडो – पुरुषों के 100 किग्रा एलिमिनेशन राउंड ऑफ 16 में अवतार सिंह बनाम एरिस्टोस माइकल (साइप्रस) (भारतीय समयानुसार दोपहर 2:40 बजे)
- जूडो – पुरुषों के 100 प्लस किग्रा एलिमिनेशन राउंड ऑफ 16 में यश घंघास (भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे)
- ट्रैक साइकिलिंग – पुरुषों के 1000 मीटर टाइम ट्रायल मेडल इवेंट में रोनाल्डो सिंह लैतोंजम (भारतीय समयानुसार दोपहर 3:51 बजे)
- पैरा साइकिलिंग – महिलाओं के C4-C5 1000 मीटर टाइम ट्रायल मेडल इवेंट में लिशा दास (भारतीय समयानुसार रात 8:40 बजे)
- ट्रैक साइकिलिंग – पुरुषों की 40 किलोमीटर प्वाइंट्स रेस मेडल इवेंट में दिनेश कुमार और हर्षवीर सिंह सेखों, अगर वह क्वालिफाई करते हैं (भारतीय समयानुसार रात 9:09 बजे)







