टी20 विश्व कप 2026 का अब करीब करीब समापन होने को है। अब केवल फाइनल मुकाबला बचा है, जो 8 मार्च को खेला जाएगा। इस बीच आपको पता होना चाहिए कि इस साल के टी20 विश्व कप में अब तक सबसे ज्यादा छक्के किसने लगाए हैं। चलिए एक नजर डालते हैं। भारत के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा सिक्स लगाए हैं।
टी20 विश्व कप 2026 में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज न्यूजीलैंड के फिन ऐलन हैं। उन्होंने सात मैच खेलकर 289 रन बनाए हैं, वहीं 20 छक्के लगाए हैं। फिन ऐलन फाइनल में भी अपनी टीम के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे। भारतीय गेंदबाज उन्हें कैसे आउट करते हैं, ये देखना दिलचस्प होगा।
वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाजों में से एक शिमरन हेटमायर की बात की जाए तो उन्होंने अब तक टी20 विश्व कप में 7 मैच खेलकर 19 छक्के लगाए हैं। हेटमायर के नाम 248 रन दर्ज हैं। वेस्टइंडीज की टीम सुपर 8 तक तो आ गई थी, लेकिन भारत ने हराकर उसे सेमीफाइनल से बाहर कर दिया। यानी शिमरन हेटमायर का विश्व कप खत्म हो गया है।
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान की बात करें तो उन्होंने टी20 विश्व कप में 6 मैच खेलकर 18 छक्के लगाए हैं। साहिबजादा ने 383 रन बनाने में कामयाबी हासिल की है, जो इस साल के टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा है। उनकी टीम पाकिस्तान भी सेमीफाइनल से पहले ही बाहर हो गई है, यानी फरहान का भी विश्व कप खत्म हो चुका है।
इस लिस्ट में नंबर चार पर भारत के संजू सैमसन आते हैं। संजू सैमसन इस साल के टी20 विश्व कप में केवल 4 ही मैच खेल पाए और इस दौरान 16 छक्के ठोक दिए हैं। उन्होंने कुल 232 रन बनाए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में उन्होंने 97 रन की नाबाद पारी खेली थी। वही सेमीफाइन में इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन बनाए थे।
भारत के शिवम दुबे ने टी20 विश्व कप 2026 में अब तक आठ मैच खेलकर 15 छक्के लगाए हैं। उनके नाम 209 रन हैं। अक्सर दुबे की बैटिंग नीचे आती है, इसलिए कई बार उन्हें पर्याप्त मौका खेलने का नहीं मिलता, लेकिन जब भी उनकी बारी आती है तो अपना काम करके जाते हैं।
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के कप्तान दासुन शनाका की बात करें तो उन्होंने 7 मैच टी20 विश्व कप में खेलकर 15 छक्के लगाए हैं। उन्होंने 165 रन बनाने में कामयाबी हासिल है। श्रीलंका की टीम भी पहले ही राउंड के बाद इस आईसीसी टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।







