नागपुर। शहर के चर्चित प्रॉपर्टी कारोबारी और शिवानंद रिएलीटीस के संचालक रवि सुनील अजित के खिलाफ एक महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, 10 लाख की ठगी और जान से मारने के प्रयास का गंभीर मामला दर्ज कराया है। गिट्टीखदान पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला आगे की जांच के लिए रामटेक पुलिस थाने को ट्रांसफर कर दिया है।
वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
पीड़िता के अनुसार, रवि उसे प्रॉपर्टी दिखाने के बहाने रामटेक (खिंडसी) ले गया था, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसका वीडियो बना लिया गया। इसी वीडियो के दम पर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। बाद में आरोपी के शादीशुदा होने का पता चलने पर जब महिला ने पैसे वापस मांगे, तो 14 मई 2026 को दाभा चौक पर कार के भीतर उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया।
आरोप है कि, इस दौरान रवि के साथी संदीप, मनोज और गोपाल ने भी उसकी मदद की और महिला का बैग छीन लिया, जिसमें 50 हजार नकद, मोबाइल और सोने की अंगूठी थी। महिला ने समाजसेवकों की मदद से 16 मई को गिट्टीखदान थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







