Home » चंबा में भूस्खलन की चपेट आया पुल, पहाड़ी से गिरे भारी मलबे ने पलभर में किया ध्वस्त
देश

चंबा में भूस्खलन की चपेट आया पुल, पहाड़ी से गिरे भारी मलबे ने पलभर में किया ध्वस्त

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक पुल भूस्खलन की चपेट में आकर टूट गया। भरमौर उपमंडल के होली क्षेत्र में मंगलवार को लगातार बारिश और भारी भूस्खलन के कारण निर्माणाधीन सियुर पुल ध्वस्त हो गया। यह पुल अभी निर्माणाधीन था और अचानक आए मलबे की चपेट में आने से पूरी तरह टूट गया। पुल का कार्य अंतिम चरण में था, इस बीच भूस्खलन की चपेट में आकर यह टूट गया।

गनीमत रही कि घटना के समय पुल पर कोई मजदूर या आम व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 7.48 बजे तेज गर्जना के साथ पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे गिरा, जिसने निर्माण स्थल को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पुल का ढांचा भरभराकर गिर गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिससे पहाड़िय़ां कमजोर हो चुकी थीं। इस पुल का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था, क्योंकि इसके बन जाने से कई गांवों की आवाजाही आसान होनी थी। लेकिन इस घटना के बाद एक बार फिर निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही, क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। फिलहाल, पुल ध्वस्त होने से स्थानीय संपर्क मार्ग प्रभावित हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है। यहां अभी एक लकड़ी का पुल है, इसी से लोग आवाजाही करते थे। छोटे वाहन भी इस पुल से गुजरते हैं। अब लोक निर्माण विभाग की ओर से लोहे का पुल बनाया जा रहा था, जो भूस्खलन की चपेट में आ गया।

Search

Archives