जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध डल लेक में 21 से 23 अगस्त तक पहले खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसमें देश के सर्वश्रेष्ठ एथलीट 24 गोल्ड मेडल के लिए आपस में भिड़ेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 400 से अधिक खिलाड़ी रोइंग, कैनोइंग और कयाकिंग जैसे मेडल स्पोर्ट्स में मुकाबला करेंगे।
खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल, खेलो इंडिया कैलेंडर में एक नया इवेंट है। 2025 में दो नए इवेंट जोड़े गए हैं। खेलो इंडिया बीच गेम्स मई में दीव में हुए थे। खेलो भारत नीति के अनुसार, वॉटर गेम्स और बीच गेम्स दोनों का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देना और पर्यटन को आकर्षित करना है।
खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025 (KIWSF) पहला ऐसा संयुक्त ओपन-एज श्रेणी का चैंपियनशिप होगा, जिसमें कयाकिंग और कैनोइंग की सभी 14 और रोइंग की 10 स्पर्धाएं शामिल होंगी जो कि सभी ओलंपिक खेल हैं। वाटर गेम्स के आकर्षण को बढ़ाने के लिए, इसमें तीन डेमोंस्ट्रेशन इवेंट्स वाटर स्कीइंग, शिकारा बोट स्प्रिंग और ड्रैगन बोट रेस भी होंगी।
36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के एथलीट लेंगे हिस्सा- KIWSF में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी एक्शन में दिखाई देंगे। इनमें उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल के एथलीटों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। प्रतियोगिता प्रबंधक बिल्कीस मीर, जो कि एक पूर्व वर्ल्ड कप कैनोइस्ट और ओलंपिक जज रह चुकी हैं उन्होंने कहा, “चूंकि सर्विसेज की टीम इन खेलों में हिस्सा नहीं ले रही है, यह देखना दिलचस्प होगा कि अलग-अलग राज्य कैसे मुकाबला करते हैं और कौन कैसा प्रदर्शन करेगा। कोर्स को सभी इंटरनेशनल मापदंडों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और हम सब तैयार हैं।”







