Home » बड़ा हादसा : 3 मंजिला इमारत गिरी, एक की मौत, कई के मलबे में दबे होने की आशंका
मध्यप्रदेश

बड़ा हादसा : 3 मंजिला इमारत गिरी, एक की मौत, कई के मलबे में दबे होने की आशंका

अनूपपुर।  मध्य प्रदेश के अनूपपुर में देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक 3 मंजिला बिल्डिंग अचानक भर-भराकर गिर गई है। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई है और कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। हादसा अनूपपुर के कोतमा नगर में बस स्टैंड के पास अग्रवाल लॉज की बिल्डिंग में हुआ। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौके पर भारी भीड़ मौजूद है और अभी बिल्डिंग गिरने का कारण स्पष्ट नहीं है।

MP के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक 5 स्थित बस स्टैंड के पास शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। यहां अग्रवाल होटल की इमारत अचानक भर-भराकर गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मलबे में 5 से 6 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

शहर और स्थानीय बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेजा गया। वहां उनका उपचार जारी है। वहीं, अभी भी 4 से 5 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका बनी हुई है, जिसके चलते राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस इमारत का हिस्सा गिरा है उसके पास नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि निर्माण के दौरान की गई अंडरग्राउंड खुदाई से पुरानी इमारत की नींव कमजोर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई है।

Search

Archives