भारत में जन्मे न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। स्कूल क्रिकेट में रावल पार्थिव पटेल के साथ ओपनिंग किया करते थे।
न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज और भारतीय मूल के क्रिकेटर जीत रावल ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। भारत में जन्मे 38 साल के जीत रावल ने साल 2016 से 2020 के बीच न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं। जीत ने बताया कि क्रिकेट से विदा लेने के बाद अब वह अपनी नई शुरुआत करेंगे और एक ऑडिटिंग फर्म में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के तौर पर फुल टाइम काम करेंगे।
संन्यास के वक्त जीत रावल ने क्या कहा?
संन्यास लेते वक्त जीत रावल ने कहा कि यह फैसला लेना उनके लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है। वह अपने इस फैसले से पूरी तरह खुश और संतुष्ट हैं। उन्होंने आगे कहा कि न्यूजीलैंड की तरफ से खेलना उनका बचपन का सपना था और जब वह अपने करियर को देखते हैं, तो उन्हें बहुत खुशी होती है। यह सिर्फ उनका ही नहीं, बल्कि उनके पिता का भी सपना था। उनके पिता ने एक बेहतर भविष्य की उम्मीद देखी और पूरे परिवार को न्यूजीलैंड लेकर आ गए ताकि वह क्रिकेटर बनने का अपना सपना पूरा कर सकें।
जीत ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बनाए 10 हजार से अधिक रन
जीत रावल न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद और बेहतरीन ओपनिंग बल्लेबाजों में से एक थे। उन्होंने अपने करियर की 292 फर्स्ट-क्लास पारियों में से 285 पारियों बतौर ओपनर बल्लेबाजी की और करीब 37 के औसत से 10127 रन बनाए, जिसमें 23 शतक शामिल हैं। न्यूजीलैंड के सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट प्लंकेट शील्ड में उन्होंने 8662 रन बनाए। जीत ने अपने करियर में 24 टेस्ट मैच की 39 पारियों में 30.07 के औसत से 1143 रन बनाए। इस दौरान वह 1 शतक और 7 अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे थे।







