Home » इस एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का बड़ा हमला, 12 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा घायल
दुनिया

इस एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का बड़ा हमला, 12 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा घायल

सऊदी अरब के रियाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक बार फिर हूति विद्रोहियों ने निशाना बनाया है। हूति विद्रोहियों के हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं।

रियाद। सऊदी अरब पर हूति विद्रोहियों ने एक बार फिर बड़ा हमला किया है। राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर हूति विद्रोहियों ने हमला किया। इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हमले के बाद इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया है।

एक अमेरिकी, दो बांग्लादेशी सहित 12 लोगों की मौत

सऊदी अरब के अधिकारियों का कहना है कि रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में 12 लोग मारे गए और 300 से ज़्यादा घायल हुए हैं। बयान में कहा गया है कि मरने वालों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी नागरिक, एक फ़िलिस्तीनी, एक अमेरिकी नागरिक, एक मिस्र का नागरिक, एक जॉर्डन का नागरिक, एक सीरियाई और एक सूडान का नागरिक शामिल है। इसमें कहा गया है कि घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है।

रियाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन ठप

रियाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को हूती विद्रोही पहले भी निशाना बना चुके हैं। इस हफ्ते रियाद एयरपोर्ट पर हुआ यह तीसरा हमला था। लेकिन पहले के हमलों की तुलना में इस बार बड़ी तादाद में लोग हताहत हुए हैं। एक क्षेत्रीय अधिकारी के मुताबिक, शनिवार को हूतियों की ओर से दागी गई मिसाइल एयरपोर्ट के उस परिसर में गिरी, जहां घरेलू उड़ानों के टर्मिनल 3 और 4 स्थित हैं। हमले में बड़ी संख्या में लोग जख्मी हुए।

अमेरिका सऊदी अरब के साथ मिलकर हूती विद्रोहियों के खिलाफ कर सकता है कार्रवाई

वहीं सऊदी अरब को हूती विद्रोहियों की ओर से निशाना बनाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रिएक्शन भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका सऊदी अरब के साथ मिलकर पड़ोसी देश यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में शामिल होने पर विचार कर सकता है। ट्रंप ने कहा, ‘हो सकता है। हम इस पर विचार करेंगे। हमें हाल के हमले के बारे में अभी पता चला है। हम फैसला करेंगे और तेजी से कदम उठाएंगे।’

सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया है। इसके बाद हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर हमला तेज कर दिया है। इस दौरान सऊदी अरब के अन्य हवाई अड्डों, सैन्य ठिकानों और तेल से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं।

इससे पहले सऊदी अरब के अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर हुए हमलों के बाद भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की थी। दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और जरूरत के मुताबिक घर के अंदर रहने की सलाह दी थी। साथ ही लोगों से स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा गया।

Search