राजगढ़ में दिल दहलाने वाला मामला
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां 17 साल की लड़की सिर काटकर जंगल में फेंक दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की की हत्या के कुछ ही घंटों बाद, आरोपी युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार को ब्यावरा के जंगल से लड़की का शव बरामद किया गया। उसका सिर धड़ से लगभग 50 फीट दूर मिला।
प्रेमिका का सिर काटकर भागा आशिक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक की पहचान अंकित मालवीय के नाम से हुई है। लड़की उससे मिलने के लिए करेड़ी से राजगढ़ आई थी, जिसके बाद वह उसे जंगल ले गया।
राजगढ़ के एसपी अमित टोलानी ने कहा कि जांच से पता चला है कि दोनों रिलेशनशिप में थे और लड़की की हत्या की गई थी, जबकि हत्या के आरोपी युवक की बाद में सड़क हादसे में मौत हो गई। हालांकि, हत्या की असल वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंकित मालवीय अपनी मोटरसाइकिल से जंगल से निकला लेकिन एक ट्रक से टकराने के बाद उसकी मौत हो गई।
30 सितंबर से लापता थी लड़की
नाबालिग लड़की करेड़ी गांव में अपने मामा के साथ रहती थी और 30 सितंबर से लापता थी। राजगढ़ कोतवाली पुलिस स्टेशन में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मिसिंग रिपोर्ट दर्ज होने के बाद नाबालिग लड़की की गतिविधियों का पता लगाना शुरू किया और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में वह जमोनिया गणेश गांव के रहने वाले मालवीय के साथ मोटरसाइकिल पर शमशेरपुरा की ओर जाती हुई दिखी। मालवीय पीथमपुर की एक फैक्ट्री में काम करता था और कथित तौर पर करीब दो साल से लड़की के संपर्क में था।







