इंदौर। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बाइक पर सरिया ले जा रहे युवक के गले में लोहे का सरिया घुस गया। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया।
स्पीड ब्रेकर पर बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार आनंद नगर निवासी सद्दाम (30) अपने साथी के साथ बाइक पर सरिया लेकर जा रहा था। स्पीड ब्रेकर पर स्कूल बस को साइड देने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया। झटके से कंधे पर रखे मुड़े हुए सरिए का नुकीला सिरा सीधे उसकी गर्दन में जा धंसा।
सूचना देने के बावजूद नहीं पहुंची एंबुलेंस
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए सरिए के लंबे हिस्से को काटा और घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, आरोप है कि सूचना देने के बावजूद 108 एंबुलेंस एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
निजी साधन से ले गए अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एंबुलेंस सेवा की लापरवाही के चलते घायल को निजी साधनों से अस्पताल ले जाना पड़ा। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी एंबुलेंस संचालन पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि गले में धंसे सरिए को निकालना बेहद जोखिम भरा है, क्योंकि इससे श्वास नली या आहार नली को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसी वजह से बेहतर इलाज के लिए उसे तुरंत इंदौर रेफर किया गया।







