Home » दाऊद के भाई के कुर्क फ्लैट पर कब्जे की कोशिश, ईडी ने दर्ज कराई एफआईआर
देश

दाऊद के भाई के कुर्क फ्लैट पर कब्जे की कोशिश, ईडी ने दर्ज कराई एफआईआर

मुंबई। जबरन वसूली के मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के छोटे भाई इकबाल कासकर के ठाणे में कुर्क किए गए फ्लैट पर कुछ लोगों ने कब्जा करने की कोशिश की, जिसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज कराई है।

एक अधिकारी ने बताया कि 2022 में मनी लांड्रिंग की जांच के दौरान ईडी के मुंबई जोनल कार्यालय-1 ने इस फ्लैट को कुर्क किया था। ईडी को पता चला कि कुछ लोगों ने फ्लैट का ताला तोड़ा और ईडी के कब्जे वाला नोटिस हटा दिया। इस पर ईडी ने कुर्क संपत्ति का निरीक्षण किया और मामले को विशेष पीएमएलए अदालत के समक्ष रखा। अदालत ने ईडी को निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद से कब्जा बहाल किया जाए।

अदालती निर्देश का पालन करते हुए संपत्ति की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों व गवाहों की मौजूदगी में फ्लैट का ताला बदला गया और उसका कब्जा बहाल किया गया। साथ ही कब्जा करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए 15 अक्टूबर को ठाणे के कासारवडवली थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई। परिसर में नया नोटिस भी लगाया गया।

Search