यरुशलम। इजरायल में संसदीय चुनाव के लिए मतदान से चार दिन पहले वेस्ट बैंक में इजरायली सैनिकों और फलस्तीनियों के बीच फायरिंग में दो सैनिक मारे गए हैं। घटना में दो हमलावर फलस्तीनी भी मारे गए। कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है, वहीं, अब कब्जे वाले वेस्ट बैंक के हेब्रोन इलाके में इजरायली सेना ने एक सीमित आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया है।
इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने शुक्रवार को कहा कि सैनिकों और अन्य सुरक्षा बलों ने हमलावरों से जुड़े हथियारों और बुनियादी ढांचे को खोजने और नष्ट करने के लिए लक्षित तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। वे इस अभियान के तहत संदिग्धों से पूछताछ भी कर रहे हैं।
घटना के बाद दर्जनों फलस्तीनियों को गिरफ्तार किया गया है। फायरिंग की यह घटना हेब्रान शहर के नजदीक येहुदा जंक्शन पर हुई। इजरायली सेना ने कहा कि आतंकी हमले की बड़ी वारदात को विफल कर दिया गया है। घटना के बाद सरकार ने फलस्तीनी बहुल वेस्ट बैंक में आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया है और घटनास्थल के नजदीक के हेब्रान शहर के घरों को ढहाना शुरू कर दिया गया है।
पता चला है कि दो हथियारबंद फलस्तीनी शुक्रवार सुबह वेस्ट बैंक में स्थित इजरायली सैन्य ठिकाने के करीब आए और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद करीब 20 मिनट तक उनके और इजरायली सैनिकों के बीच फायरिंग हुई जिसमें दोनों फलस्तीनी मारे गए।







