कोरबा। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेतार में जंगल से मशरूम तोड़ने गए एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बिच्छू के डंक से मौत होने की आशंका जताई है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर, करतला निवासी नंदलाल मंझवार उम्र करीब 32 वर्ष अपनी पत्नी के साथ ससुराल ग्राम खेतार आया हुआ था। मंगलवार को दोपहर करीब 1 बजे बारिश थमने के बाद पति-पत्नी जंगल में मशरूम तोड़ने गए थे। जंगल में मशरूम तोड़ते समय नंदलाल को कुछ काटने का अहसास हुआ। उसने तुरंत पत्नी को बताया कि उसे बिच्छू ने काट लिया है। इसके बाद दोनों घबराकर तुरंत घर वापस लौटे और परिजनों को पूरी घटना बताई।
ग्रामीण की हालत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी, लेकिन अंधविश्वास के चलते परिजन उसे डॉक्टर या अस्पताल ले जाने के बजाय गांव के बैगा के पास ले गए। वहां झाड़-फूंक और टोना-टोटका किया गया। देर शाम तक हालत और बिगड़ गई और युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव में बिजली नहीं है। मोबाइल फोन बंद पड़े थे। इस कारण परिजन 112 डायल या एंबुलेंस से संपर्क नहीं कर पाए। इसी वजह से झाड़-फूंक कराना उचित समझा।







