कोरबा। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार निहारिका घंटाघर के पास सोमवार देर शाम एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एटीट्यूड कपड़ा दुकान के सामने हुई इस घटना का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार एक स्कॉर्पियो वाहन चालक युवक और दुकान के स्टाफ के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही मानिकपुर थाना और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।







