Home » शॉर्ट सर्किट से फर्नीचर दुकान में लगी आग, स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डाल आग पर पाया काबू
कोरबा

शॉर्ट सर्किट से फर्नीचर दुकान में लगी आग, स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डाल आग पर पाया काबू

कोरबा। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के सोमवारी बाजार में सोमवार को एक फर्नीचर दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का फर्नीचर और लकड़ी पल भर में जलकर राख हो गए। आग की लपटें दुकान की सीट तोड़कर बाहर निकल रही थीं। इस घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

यह आग सोमवारी बाजार स्थित एक फर्नीचर दुकान में लगी थी। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकान में लकड़ी, सोफा, कुर्सी और टेबल समेत महंगा फर्नीचर रखा था। आग लगते ही लकड़ी के सामान ने आग को तेजी से भड़का दिया। कुछ ही देर में पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई। दुकानदार और आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया था। आग की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई थी।

स्थानीय लोगों ने बुझाई आग :  स्थानीय लोगों ने बताया कि सूचना देने के बावजूद काफी समय तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंची। दमकल के इंतजार में समय बीतता गया और आग बढ़ती रही। मजबूरन आसपास के लोगों ने बाल्टी, ड्रम और पानी के पाइप से आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान का सारा सामान जल चुका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान की टिन की सीट गर्म होकर टूट गई। लपटें बाहर तक निकल रही थीं, जिससे आसपास की दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया था। लोगों ने तुरंत बिजली काटकर और पानी डालकर आग को आगे बढ़ने से रोका। दुकानदार ने बताया कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना था कि अगर समय पर दमकल वाहन पहुंच जाता तो नुकसान कम हो सकता था। दमकल की देरी पर लोगों ने नाराजगी जताई। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम भेजी गई थी, लेकिन बाजार की तंग गलियों के कारण पहुंचने में देरी हुई।

दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग :  बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की वजह माना जा रहा है।

Search