Home » काम दिलाने का झांसा देकर ले जा रहे थे गुजरात, झारखंड की 7 नाबालिग बच्चियां बरामद
झारखंड

काम दिलाने का झांसा देकर ले जा रहे थे गुजरात, झारखंड की 7 नाबालिग बच्चियां बरामद

चक्रधरपुर। चक्रधरपुर में एक बार फिर पुलिस की सतर्कता और तत्परता ने सात नाबालिग बच्चियों का भविष्य अंधकार में जाने से बचा लिया गया है। चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान इन बच्चियों को मानव तस्करों के चंगुल से रेस्क्यू किया गया। इसके बाद सभी बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) चाईबासा को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार ये बच्चियां झींकपानी और गोइलकेरा प्रखंड के कुईडा क्षेत्र की रहने वाली हैं, जो गुजरात के राजकोट स्थित एक कंपनी में काम दिलाने के बहाने ले जाया जा रहा था, लेकिन चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार की सक्रियता और स्टेशन व आसपास चल रही सघन जांच अभियान के कारण इस तस्करी की साजिश नाकाम हो गई। पुलिस ने समय रहते सभी बच्चियों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। इस अभियान में सीडीपीओ पुनीता तिवारी के निर्देश पर सीडब्ल्यूसी सदस्य पिंकी बोदरा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेस्क्यू के बाद सभी बच्चियों को मंगलवार की रात में सीडब्ल्यूसी कार्यालय चाईबासा भेज दिया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

बुधवार की सुबह को बांड भरवाने के बाद सभी बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। इससे पहले भी थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कई नाबालिगों को मानव तस्करों के चंगुल से छुड़ाकर उनके परिवारों तक सुरक्षित पहुंचाया है। लगातार बढ़ रही मानव तस्करी की घटनाओं को देखते हुए चक्रधरपुर पुलिस ने स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी अभियान तेज कर दिया है। स्थानीय लोगों ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम की जमकर प्रशंसा की है। पुलिस की इसी सक्रियता से कई मासूम जिंदगियां सुरक्षित हो पा रही हैं। गौरतलब है कि एक महीने के भीतर यह तीसरा रेस्क्यू ऑपरेशन है।

Search

Archives