Home » फ्रांस में PM मोदी और ट्रंप की बैठक, अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- ‘अगर भारत पर हमला हुआ तो मैं…’
दुनिया

फ्रांस में PM मोदी और ट्रंप की बैठक, अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- ‘अगर भारत पर हमला हुआ तो मैं…’

फ्रांस के एवियन शहर में G-7 सम्मेलन का आयोजन जारी है। बुधवार को सम्मेलन पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी थीं। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बड़ी बैठक हुई है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय बैठक की है जिसमें भारत-अमेरिका ट्रेड डील, होर्मुज में जहाजों पर हमले समेत कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई है। आपको बता दें कि पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच ये बातचीत 16 महीने बाद हो रही है। इससे पहले पीएम मोदी ने फरवरी 2025 में अमेरिका की यात्रा की थी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी।

भारतीय नाविकों की सुरक्षा जरूरी- पीएम मोदी

फ्रांस के एवियन में पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा- “पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने की कोशिशों में जो प्रगति हुई है, उसमें आपकी लीडरशिप की मैं तारीफ करता हूं।”

बैठक के दौरान PM मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से कहा- “हमने हमेशा कहा है कि समुद्री आवाजाही की आजादी पक्की होनी चाहिए और हमें इस पर जोर भी देना चाहिए। समुद्री व्यापार के क्षेत्र में दुनिया के अलग-अलग समुद्रों में लाखों भारतीय नाविक काम कर रहे हैं। मेरा मानना ​​है कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। मुझे भरोसा है कि ईरान के साथ डील में नाविकों की सुरक्षा पक्की की जाएगी और उसे प्राथमिकता दी जाएगी।”

होर्मुज स्ट्रेट के पास हुए हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बयान दिया। उन्होंने कहा- “मैंने इस घटना के बारे में सुना है, यह एक काफी मुश्किल प्रोफेशन है और हम इस पर मिलकर काम करते हैं। ऐसा हमेशा से होता रहा है, लेकिन हम मिलकर काम करते हैं।”

हमारे रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं​- ट्रंप

पीएम मोदी के साथ बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- “फ्रांस में हमारी कुछ बहुत अच्छी बैठकें हुईं। खासकर भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई। हम ट्रेड डील कर रहे हैं। अमेरिका और भारत के बीच बहुत कुछ हो रहा है। अमेरिका अब तक के सबसे अच्छे दौर से गुजर रहा है। हम फैक्टरियां बना रहे हैं, हम सब कुछ बना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं। वह अमेरिका में काफी पैसा निवेश कर रहे हैं, इसलिए हम उस काम की तारीफ करते हैं। लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त रहे हैं, और हमारे रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं, और आपके साथ होना बहुत अच्छा लग रहा है।”

पीएम मोदी सख्त नेगोशिएटर हैं- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वेस्ट एशिया समेत कई बड़े मुद्दों पर भारत की अहम भूमिका है। ट्रंप ने पीएम मोदी को सख्त नेगोशिएटर बताया। ट्रंप ने कहा- “वह बहुत सख्त नेगोशिएटर हैं। मैं आपको एक बात बताता हूं। वह बहुत अच्छे दिखने वाले शख्स हैं। वह बहुत अच्छे लगते हैं, जैसे कोई एंजेल। लेकिन असल में, वह उतने ही सख्त हैं जितने कि वह ‘किलर’ हैं, लेकिन वह बहुत अच्छे दिखते हैं। इसलिए वह आपको चौंका देते हैं। लेकिन ऐसे कुछ ही लोग होते हैं। लोग कहते हैं कि वह (पीएम मोदी) बहुत अच्छे इंसान हैं। मैंने कहा कि वह बहुत सख्त हैं। वह एक सख्त ट्रेडर हैं, और वह भारतीय लोगों से प्यार करते हैं, लेकिन वह अमेरिका से भी प्यार करते हैं। ह्यूस्टन में हमारा ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम हुआ था। स्टेडियम पूरा भरा हुआ था। हम भविष्य में भारत जाएंगे।”

‘भारत पर हमला हुआ तो…’- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा- “मुझे लगता है कि हमारे बीच काफी अच्छा रिश्ता है। अगर भारत पर हमला होता है, तो हम उनकी मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे। अगर कोई इस व्यक्ति (पीएम मोदी) पर हमला करता है, तो हम वहां मौजूद रहेंगे। अगर भारत पर हमला होता है और पीएम मोदी नेता हैं, तो हम मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे। जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में  भारत का एक बहुत अच्छा दोस्त है। यहां हर कोई भारत को पसंद करता है और वे पीएम नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करते हैं।”

भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा- ट्रंप

बैठक के दौरान जब डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें उम्मीद है कि भारत पश्चिम एशिया में कोई भूमिका निभाएगा? इस पर ट्रंप ने कहा- “हां, मुझे उम्मीद है। मुझे लगता है कि भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है। जब तक पीएम नरेंद्र मोदी नेता हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा।” ट्रंप ने आगे कहा- “पिछली बार भारत का हमारा दौरा बहुत अच्छा रहा था। हमने उस नए स्टेडियम का उद्घाटन किया था। वहां लाखों लोग मौजूद थे। मुझे नहीं पता कि वे रिकॉर्ड टूटे हैं या नहीं, लेकिन भारत में मेरा समय बहुत अच्छा बीता।”

रूस को लेकर भी ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा- “मैंने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति पुतिन से बात की। हम चाहते हैं कि यह जंग खत्म हो। मैंने 8 युद्ध खत्म किए हैं, और सच कहूं तो, यह सबसे आसान युद्धों में से एक हो सकता था, लेकिन वे एक-दूसरे को पसंद नहीं करते, जिससे यह और मुश्किल हो जाता है।” जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या रूस पर फिर से कोई प्रतिबंध लगाया जाएगा? इस पर ट्रंप ने कहा- “हम इस पर विचार कर रहे हैं। हम देख रहे हैं कि तेल की कीमतें कितनी नीचे आती हैं, ये तेजी से गिर रही हैं। कीमतें कम हो रही हैं और जल्द ही उस लेवल पर आ जाएंगी जहां वे 4 महीने पहले थीं। इसके अलावा, हमारे सामने बिना परमाणु हथियार वाला ईरान होगा; मैं कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी भी इस बारे में बहुत मजबूती से सोचते हैं।”

अन्य नेताओं से भी मिले पीएम मोदी

दरअसल फ्रांस के एवियन शहर में अमेरिका, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी, जापान, कनाडा और फ्रांस जैसे विकसित देशों के समूह G-7 की बैठक चल रही है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा ले रहे हैं। वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के विशेष निमंत्रण पर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

पीएम मोदी ने ट्रंप से पहले UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डिसिल्वा समेत कई नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठक और मुलाकात की है। कनाडा के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का जिक्र किया किया है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दोनों देशों के रिश्ते की प्रगति पर जोर दिया और पीएम मोदी को कनाडा आने का न्योता दिया है।

Search

Archives