स्विट्जरलैंड। स्विट्जरलैंड में नए साल का जश्न कई लोगों के लिए मातम में तब्दील हो गया। स्की रिजार्ट क्रांस-मोंटाना के बार में लगी आग ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में 40 लोगों की मौत हो गई और 119 लोग घायल थे। वहीं, बार के मालिक को भी इस घटना से गहरा धक्का लगा है। ले कॉन्स्टेलेशन बार के मालिक जैक्स मोरेटी अपनी पत्नी जेसिका के साथ मिलकर बार को मैनेज करते थे। जैक्स एक फ्रांसीसी नागरिक हैं, जो स्विट्जरलैंड में अपना बार चला रहे थे।
उनका कहना है कि पिछले 10 साल में 3 बार निरीक्षण हो चुका है। ट्रिब्यून डी जिनेवा को दिए इंटरव्यू में जैक्स ने कहा, सबकुछ समय के मुताबिक चल रहा था। हादसे के दौरान जैक्स बार में नहीं थे, मगर उनकी पत्नी जेसिका मोरेटा उसी जगह पर मौजूद थीं। हादसे में उन्हें भी मामूली चोटें आईं हैं। जैक्स के अनुसार, इस घटना से हमें गहरा सदमा लगा है। हम सो नहीं पा रहे हैं और न ही खा पा रहे हैं। हम जांच में पूरा सहयोग करने का आश्वासन देते हैं। आग लगने का कारण अभी पूरी तरह से साफ नहीं है। हम इसका पता लगाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बार के बेसमेंट में लगी आग धड़ल्ले से फैल गई, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि आग शैम्पेन की बोतलों पर लगी फाउंटेन कैंडल्स के कारण लगी थी।







