केला सभी सीजन में आसानी से मिलने वाला फल है। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को केले का स्वाद पसंद आता है। भूख मिटाने और शरीर को एनर्जी देने के लिए केला अच्छा फल माना जाता है। केला खाते ही शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है, लेकिन क्या केला सभी खा सकते हैं। जनरल फिजिशियन और न्यूरोलॉजिस्ट की मानें तो कुछ लोगों को केला खाने से बचना चाहिए।
रोज 1-2 केला खाने से शरीर को अच्छा पोषण मिल जाता है। केला खाने से शरीर को फाइबर और पोटैशियम मिलता है। 1 केला में करीब 400 mg पोटैशियम होता है। पोटैशियम आपकी मसल्स के लिए और नर्व्स के लिए के लिए बहुत जरूरी है।
किडनी के मरीजों को केला खाने से बचना चाहिए क्योंकि इनके शरीर में पहले से ही पोटैशियम का लेवल हाई होता है। इनकी किडनी पोटैशियम फिल्टर नहीं कर पाती है। ऐसे में केला और नारियल पानी इन लोगों को नहीं पीना चाहिए। आपको अपने पोटैशियम लेवल को मॉनिटर भी करना होता है, लेकिन जिन लोगों को किडनी की समस्या नहीं है वो केला खा सकते हैं।
क्या डायबिटीज में केला खा सकते हैं?
अगर आपको डायबिटीज भी है तो भी 1 केला खा सकते हैं। क्योंकि केले का ग्लाइसेमिक लोड कम होता है और ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होता है तो इससे कुछ देर के लिए शुगर बढ़ता है, लेकिन लगातार शुगर हाई नहीं रहता है। अगर आपका शुगर बहुत ज्यादा हाई है और कंट्रोल से बाहर है तो आपको डॉक्टर की बताई डाइट लेनी चाहिए और केला खाने से बचना चाहिए। लेकिन अगर आपकी शुगर कंट्रोल है तो आप 1 छोटा केला खा सकते हैं।
केला खाने के नुकसान
अगर आपको बहुत ज्यादा सर्दी-जुकाम या कफ की समस्या है तो केला खाने से बचें। अस्थमा के मरीज को सर्दियों और बारिश में केला नहीं खाना चाहिए। इसके अलावा ज्यादा केला खाने से कुछ लोगों को पेट में गैस, एसिडिटी हो सकती है। वजन घटाने वालों को भी ज्यादा केला खाने से बचना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।







