रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल अभिनीत फिल्म ‘लव एंड वॉर’ का पहला पोस्टर गुरुवार को रिलीज हुआ। इस फर्स्ट लुक पोस्टर के जरिए मेकर्स ने फिल्म से रणबीर कपूर की पहली झलक साझा की है। संजय लीला भंसाली निर्देशित इस फिल्म में पहली बार रणबीर-आलिया और विक्की साथ नजर आएंगे। इस पाेस्टर के जरिए मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी कन्फर्म कर दी है। यह अगले साल 21 जनवरी को रिलीज होगी।
क्या होगी फिल्म की कहानी? : निर्देशक संजय लीला भंसाली की रोमांटिक कहानियों के दर्शक पहले ही दीवाने हैं। अब निर्देशक की कहानी और रणबीर का वही ‘एनिमल’ जैसा लुक सिनेमाघरों में फैंस को लुभा सकता है। पोस्टर में रणबीर के हाथ से निकलता खून इस कहानी में उनके एक्शन मोड में होने के संकेत दे रहा है।
इसके पोस्टर रिलीज के साथ कैप्शन में ‘वो रुतबा, वो रब, वो जुनून’ लिखा हुआ है। यह साफ तौर पर झलक रहा है कि फिल्म में जबरदस्त रोमांस और एक्शन होने वाला है। फिल्म में रणबीर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल का होना इसे फैंस के लिए और भी ज्यादा रोमांचक बना रहा है।
19 साल बाद साथ काम करेंगे रणबीर और भंसाली : साल 2007 में फिल्म ‘सांवरिया’ से रणबीर कपूर ने फिल्मी दुनिया में अपना डेब्यू किया था। फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया था। अब करीब 19 साल बाद संजय और रणबीर कपूर एक साथ काम करने वाले हैं। फिल्म ‘लव एंड वार’ की दूसरी खास बात यह भी है कि रणबीर अपनी पत्नी आलिया के साथ रोमांस करते नजर आने वाले हैं। जो कि फैंस के लिए एक अलग अनुभव होगा।
फिल्म ‘लव एंड वार’ के बारे में
- यह फिल्म हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु में भी रिलीज होने वाली है।
- फिल्म का निर्माण भंसाली प्रोडक्शंस के बैनर तले हो रहा है।
- वहीं फिल्म का म्यूजिक सा रे गा मा लेबल के अंदर निर्मित हुआ है।
- फिल्म 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।







