नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर एसी बस में आग लगने से 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। इनमें 8 पुरुष और एक महिला है। बस में 35 यात्री सवार थे। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे। कई यात्रियों ने खिड़की तोड़कर कूदकर जान बचाई।
हादसा देर रात जेवर एयरपोर्ट से 500 मीटर दूर हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से साढ़े 9 बजे महोबा के लिए निकली थी। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया- शुरुआती जांच में एसी में स्पार्क या ब्लास्ट से इंजन में आग लगी।
हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और 45 मिनट में आग बुझाई। इसके बाद पीछे का हिस्सा काटकर फायर कर्मी बस के अंदर पहुंचे और एक-एक शव बाहर निकाला। रेस्क्यू करीब 2 घंटे चला। बस पूरी तरह जल चुकी है। हादसे के चलते दिल्ली-आगरा लेन 2 घंटे बंद रही।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राज कल्पना ट्रैवल्स की बस मध्य प्रदेश की है। हमीरपुर के एक यात्री ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद ड्राइवर बस नहीं रोक रहा था। यात्रियों ने शीशे तोड़ने शुरू किए, तब उसने बस रोकी। पुलिस ने ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है।







