Home » कनाडा में फिल्मी स्टाइल में एक्सीडेंट, कार से टक्कर के बाद ट्रैफिक सिग्नल पोल पर जा लटकी बाइक
दिल्ली-एनसीआर

कनाडा में फिल्मी स्टाइल में एक्सीडेंट, कार से टक्कर के बाद ट्रैफिक सिग्नल पोल पर जा लटकी बाइक

नई दिल्ली। कनाडा के वैंकूवर में एक ऐसा सड़क़ हादसा सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। शनिवार दोपहर को हुए एक भीषण एक्सीडेंट के बाद एक मोटरसाइकिल जमीन पर गिरने के बजाय सड़क़ के बीचों-बीच लगी ट्रैफिक लाइट से जा लटकी।

पुलिस के अनुसार, दोपहर में 72वीं एवेन्यू और 120वीं स्ट्रीट के पास स्कॉट रोड के 7100-ब्लॉक पर एक मोटरसाइकिल और कार के बीच टक्कर की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया।

यह घटना वैंकूवर के दक्षिणी उपनगर डेल्टा की है। चश्मदीदों और घटनास्थल से मिले फुटेज के अनुसार, एक सिल्वर रंग की सेडान कार और मोटरसाइकिल के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल उछलकर सीधे ट्रैफिक सिग्नल के खंभे पर जा अटकी और अपने अगले पहिये के सहारे हवा में लटकती रही।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के लिए यह नजारा किसी फिल्म के सीन जैसा था। हादसे के तुरंत बाद इलाके में सड़क़ों को बंद कर दिया गया था। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे बाइक हवा में कई फीट ऊपर ट्रैफिक लाइट के साथ फंसी हुई है, जो इस बात का सबूत है कि टक्कर कितनी शक्तिशाली रही होगी।

पुलिस के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, चोटें गहरी हैं, लेकिन डॉक्टरों को उम्मीद है कि वह जीवित बच जाएगा। दूसरी ओर, सेडान कार के ड्राइवर को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई है, लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

Search

Archives