विभाग पर लापरवाही का आरोप
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत कुकराडीह में बिजली हादसे ने दीपावली की तैयारियों को मातम में बदल दिया। कंवर समाज के सामाजिक भवन की साफ-सफाई के दौरान 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से वार्ड क्रमांक-3 की पंच कालंद्री दीवान (35) की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भवन की छत के बेहद करीब से गुजर रही बिजली लाइन की ऊंचाई को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
लोहे की सीढ़ी के संपर्क में आई बिजली लाइन
जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर ग्राम कुकराडीह में सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह की 10 सदस्यीय टोली कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई करने पहुंची थी। दीपावली को देखते हुए भवन की साफ-सफाई और पोताई की तैयारी की जा रही थी। इसी टोली में वार्ड क्रमांक-3 की पंच कालंद्री दीवान भी शामिल थीं।
बताया गया कि कालंद्री भवन की ऊपरी दीवार की सफाई करने के लिए लोहे की सीढ़ी लगाकर ऊपर चढ़ी थीं। इसी दौरान छत के करीब से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से वह सीढ़ी से नीचे गिर पड़ीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण उन्हें तत्काल निजी वाहन से महासमुंद अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पूर्व सरपंच का आरोप- कई बार की गई थी शिकायत
पूर्व सरपंच जीवनलाल साहू ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भवन के पास से गुजर रही बिजली लाइन की ऊंचाई निर्धारित मापदंड से कम होने की जानकारी विभागीय अधिकारियों को पहले ही दी गई थी। इस संबंध में कई बार मौखिक और लिखित शिकायत भी की गई, लेकिन लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि विभाग ने समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया होता तो इस हादसे को रोका जा सकता था। घटना के बाद गांव में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।
राशन दुकान का सामान रखा जाता था सामाजिक भवन में
बताया गया कि भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह सरकारी राशन दुकान का संचालन करता है। राशन दुकान तक बड़े वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का राशन कंवर समाज के सामाजिक भवन में रखा जाता था। भवन के उपयोग के बदले समाज की ओर से समूह की महिलाओं से दीपावली से पहले साफ-सफाई और पोताई कराने को कहा गया था। इसी के तहत सोमवार को महिलाएं भवन की सफाई के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
कालंद्री दीवान की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। उनके पीछे पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा है। एक हादसे ने दोनों बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली लाइन की सुरक्षा को लेकर पहले की शिकायतों पर कार्रवाई हुई होती तो परिवार को यह दुख नहीं झेलना पड़ता। तुमगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।







