Home » सुकमा में बस्तर फाइटर्स के 375 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, ये है आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि
छत्तीसगढ़

सुकमा में बस्तर फाइटर्स के 375 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, ये है आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि

सुकमा ।  सुकमा पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बस्तर फाइटर्स के अंतर्गत फाइटर आरक्षक के कुल 375 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया में केवल सुकमा जिले के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को ही आवेदन करने का मौका मिलेगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार दो नवंबर से अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र स्वीकार करने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर  निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को अंतिम दिन शाम पांच बजे तक अपने आवेदन जमा करने होंगे।

श्रेणीवार पदों का विवरण :  छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर) के तहत कुल 375 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। पुलिस विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार भर्ती में आरक्षण नियमों का पूरी तरह पालन किया गया है। कुल 375 पदों में से अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए सबसे अधिक 315 पद आरक्षित हैं। इसके अलावा अनारक्षित श्रेणी के लिए 26 पद और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 26 पद तय किए गए हैं। अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 8 पद रखे गए हैं।
आवेदन जमा करने के स्थान
अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र सीधे सुकमा स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। इसके साथ ही सुकमा, दोरनापाल, कोण्टा, जगरगुण्डा और मरईगुड़ा स्थित अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालयों में भी आवेदन पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी चाहें तो पंजीकृत भारतीय डाक के जरिये भी अपना आवेदन भेज सकते हैं। डाक से आवेदन भेजने के लिए अभ्यर्थियों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कंपोजिट भवन, कुम्हाररास, सुकमा (पिन कोड 494111) के पते पर आवेदन पत्र प्रेषित करना होगा।
आवश्यक निर्देश और वेबसाइट
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आवेदन का प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा के नियम जारी कर दिए गए हैं। ये दिशा-निर्देश जिले के सभी पुलिस थानों, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालयों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध हैं। उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट cgpolice.gov.in तथा जिला पुलिस की वेबसाइट sukma.cgpolice.gov.in पर विजिट कर सकते हैं। इसके अलावा सुकमा जिला प्रशासन की वेबसाइट www.sukma.gov.in पर भी पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।