कोरबा। प्रगति नगर क्षेत्र में बीती रात्रि चोरों ने धावा बोलकर दो घरों से हजारों की चोरी कर ली। अगली सुबह लोगों को चोरी का पता चला। दर्री पुलिस के पास इसकी जानकारी पहुंची है और इस आधार पर वह जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रगति नगर नहर के पास रिहायशी क्षेत्र में दो लोगों की मकानों को चोरों ने धावा बोला और यहां से नगदी सहित कई सामान की चोरी कर ली। यहां पर निवासरत लक्ष्मी केंवट ने बताया कि घटना दिवस की रात्रि को उनके नजदीक में ही दशहरा के उपलक्ष्य में जगराता कार्यक्रम आयोजित था, जहां वह गई हुई थी। परिवार भी उसके साथ था। रात्रि 2 बजे के आसपास ये लोग घर पहुंचे तब तक बाइक बरामदे में खड़ी थी। इसके बाद सुबह 4.30 बजे लक्ष्मी की नींद खुली तो बरामदे से बाइक गायब थी। उसने पति को इसकी जानकारी दी। अगली सुबह आसपास के लोगों को इस बारे में अवगत कराया गया। इसी दरम्यान यह भी जानकारी मिली कि कुछ और स्थानों पर चोरी की घटनाएं हुई है जिनमें काफी कुछ सामान पार हुआ है। लोगों ने चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि त्योहारी सीजन में इस तरह के मामले चिंता बढ़ाने वाले हैं। संबंधितों ने दर्री पुलिस थाना में घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिस पर जांच-पड़ताल का काम जारी है।
टीआई दर्री किरण गुप्ता ने बताया कि प्रगति नगर में एक मकान के बरामदे से बाइक और इसी इलाके में एक अन्य मकान से 10 हजार नगद समेत लगभग 35 हजार का सामान पार होने की खबर मिली है। इन प्रकरणों में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।







