Home » आत्मानंद स्कूल में बड़ी चोरी : प्रिंसिपल रूम का दरवाजा तोड़ चोर ले उड़े ये सामान
छत्तीसगढ़

आत्मानंद स्कूल में बड़ी चोरी : प्रिंसिपल रूम का दरवाजा तोड़ चोर ले उड़े ये सामान

बीजापुर के एक स्कूल में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सेंध लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। स्कूल में प्रिंसिपल के रूम को निशाना बनाया गया है।

बीती दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने भोपालपटनम स्थित आत्मानंद स्कूल में सेंध लगाकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, चोरों ने प्रिंसिपल के कमरे के दरवाजे को लात से मारकर तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। दरवाजा प्लाई का बना हुआ था और कमजोर होने की वजह से आसानी से टूट गया। ताला जस का तस अपनी जगह पर लगा रहा, लेकिन दरवाजे पर जूतों के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

कमरे से चोर दो नग सीपीयू, एक डेस्कटॉप बैटरी, माउस व कीबोर्ड चोरी कर ले गए। सोचने वाली बात तो यह है कि स्कूल परिसर में डीवीआर और केबलिंग लगभग 4 साल पहले से बिछाई गई थी, लेकिन कैमरे अब तक नहीं लगाए गए थे। इस कारण पूरी घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी।

चोरी गया कंप्यूटर सिस्टम प्रिंसिपल कक्ष में रखा था, जहां विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षाओं से जुड़े दस्तावेज, फीस रिकार्ड और विभागीय पत्राचार की फाइलें सुरक्षित थीं। अब डेटा चोरी हो जाने से शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में गंभीर बाधा आने की आशंका है।

भोपालपटनम थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े का कहना है कि आत्मानंद स्कूल में हुई चोरी की घटना गंभीर मामला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। चोरों ने जिस तरीके से स्कूल को निशाना बनाया है, उससे साफ है कि यह सुनियोजित वारदात है। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ।

Search

Archives