Home » काल बनकर टूटा मधुमक्खियों का झुंडः खेत में काम कर रही महिला की दर्दनाक मौत, पांच गंभीर
छत्तीसगढ़

काल बनकर टूटा मधुमक्खियों का झुंडः खेत में काम कर रही महिला की दर्दनाक मौत, पांच गंभीर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत रूहा में मंगलवार को उस वक्त मातम पसर गया, जब खेत में मेहनत- मजदूरी कर रही महिलाओं पर मधुमक्खियों के एक विशाल झुंड ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया।

इस प्राकृतिक आपदा में 40 वर्षीय दुर्गा साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य महिलाएं जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिलाएं रोज की तरह अपने काम में व्यस्त थीं, तभी पास के पेड़ से उग्र होकर मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया। महिलाओं को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। सैकड़ों डंक लगने के कारण दुर्गा साहू की स्थिति चंद मिनटों में ही बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने पूरे रूहा गांव को झकझोर कर रख दिया है और ग्रामीणों में अब खेतों की ओर जाने को लेकर दहशत व्याप्त है।

Search