मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों पर एक बड़ी कार्रवाई की है। पोड़ी थाना अंतर्गत नागपुर चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया। इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 56 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को क्षेत्र में मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नागपुर चौकी क्षेत्र में नाकेबंदी की। वाहनों की कड़ाई से जांच शुरू कर दी गई। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें आती हुई दिखाई दीं। पुलिस बल को सामने देखकर तस्करों में हड़कंप मच गया।
पकड़े जाने के डर से तस्करों ने सड़क किनारे ही दोनों गाड़ियां खड़ी कर दीं। वे पुलिस की पहुंच से दूर भागने में सफल रहे। पुलिस ने तत्काल दोनों लावारिस कारों को अपने कब्जे में लिया। उनकी सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ियों के भीतर गांजे के पैकेट ठूस-ठूस कर भरे मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त किए गए मादक पदार्थ का वजन कराया गया।
गांजे की बड़ी खेप का खुलासा : पहली कार से 300 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। दूसरी कार से 265 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 565 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है। यह मात्रा 5 क्विंटल 65 किलोग्राम के बराबर है। इसकी अनुमानित कीमत 56 लाख 50 हजार रुपये है।







