मातम में बदली पिकनिक की खुशियां : लहरों ने छीन लिए दो घरों के चिराग, डूबने से 13 और 21 साल के दो युवकों की मौत
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 19 अप्रैल रविवार का दिन एक भयानक त्रासदी लेकर आया। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लोकप्रिय छातागढ़ पिकनिक स्पॉट पर घूमने गए पांच दोस्तों के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे कैलाश नगर इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शिवनाथ नदी में नहाने उतरे दो दोस्तों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कैलाश नगर निवासी पांच दोस्त रविवार की छुट्टी मनाने और पिकनिक मनाने शिवनाथ नदी के किनारे छातागढ़ पहुंचे थे। सुहाने मौसम और नदी के शांत किनारे को देखकर सभी ने नदी में उतरने का निर्णय लिया। बदकिस्मती से, किसी भी युवक को तैराकी नहीं आती थी। मस्ती के दौरान अचानक मोहम्मद फैजल (21 वर्ष) और मोहम्मद ईशांत (13 वर्ष) किनारे से दूर चले गए, जहां पानी की गहराई 10 से 12 फीट थी। गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों देखते ही देखते पानी में समा गए।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षित बचे तीन दोस्तों ने चीख-पुकार मचाई और पुलिस को सूचना दी। मौके पर तत्काल एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम गोताखोरों के साथ पहुंची।
रेस्क्यू ऑपरेशन शाम को शुरू हुआ जो करीब 5 घंटों तक चला। नदी की गहराई और अंधेरा होने के कारण टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आखिरकार रात करीब 8 बजे दोनों युवकों के शव नदी के गहरे हिस्से से बरामद कर लिए गए। जैसे ही शवों को बाहर निकाला गया, वहां मौजूद परिजनों और दोस्तों में कोहराम मच गया। दो जवान बेटों को खोने के गम में परिवारों का बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
छातागढ़ पिकनिक स्पॉट में सुरक्षा के इंतजाम नहीं
उठ रहे हैं सुरक्षा पर सवाल छातागढ़ पिकनिक स्पॉट तेजी से पर्यटकों के बीच अपनी जगह बना रहा है, लेकिन यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होना अब चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वहां सुरक्षा बोर्ड या गार्ड तैनात होते, तो शायद इन मासूमों की जान बचाई जा सकती थी।
विशेष अपीलः प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे नदियों की गहराई को हल्के में न लें और सुरक्षा घेरों का उल्लंघन न करें।







