लिस्ट में कई बड़े नाम
छत्तीसगढ़ में 30 अप्रैल को हुई ईडी की कार्रवाई को लेकर ईडी ने बड़ा खुलासा किया है। ईडी की टीम ने 13 ठिकानों पर रेड मारी थी। यहां से टीम को करोड़ों की दौलत मिली थी।
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की चल रही जांच को लेकर दावा किया है। जांच के सिलसिले में 30 अप्रैल को ईडी की टीम ने कार्रवाई की थी। छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर जिलों में कुल 13 ठिकानों पर तलाशी ली गई थी। ईडी ने रविवार को प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि 30 अप्रैल को जिन ठिकानों पर तलाशी ली गई, वे शराब व्यापारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कारोबारियों और कॉर्पाेरेट संस्थाओं से जुड़े थे, जिन पर इस घोटाले से पैदा हुई अपराध की आय को हासिल करने, संभालने, छिपाने या उसका हेरफेर करने का शक था।
तलाशी के दौरान 53 लाख रुपए का कैश और लगभग 3.234 किलोग्राम सोने के आभूषण जिसी अनुमानित कीमत करीब 4.86 करोड़ रुपए हैं, को जब्त किए गए, जिससे कुल जब्ती लगभग 5.39 करोड़ रुपए हो गई। इसके अलावा, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण, डाटा भी बरामद किए गए, जिनका फिलहाल विश्लेषण किया जा रहा है।
आर्थिक अपराध शाखा और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रायपुर द्वारा दर्ज की गई मूल एफआईआर के आधार पर ईडी पीएमएलए, 2002 के तहत छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच कर रही है। जांच से एक सुनियोजित और संगठित आपराधिक साजिश का खुलासा हुआ है, जिसमें राजनीतिक अधिकारी, वरिष्ठ नौकरशाह, शराब डिस्टिलर, एफ-10ए लाइसेंसधारी और उनके सहयोगी शामिल थे।
2883 करोड़ रुपये है इसकी आय
यह साजिश 2019-2022 की अवधि के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य में शराब की खरीद, लाइसेंसिंग और बिक्री में अवैध कमीशन की वसूली के लिए रची गई थी। अब तक ईओडब्ल्यू/एसीबी ने अपनी चार्जशीट में इस घोटाले से पैदा हुई कुल अपराध की आय का अनुमान लगभग 2,883 करोड़ रुपए लगाया है।
9 लोगों को किया गिरफ्तार
जांच के दौरान, ईडी ने अब तक पीएमएलए, 2002 की धारा 19 के तहत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी, सीएसएमसीएल के तत्कालीन एमडी, तत्कालीन आबकारी आयुक्त, तत्कालीन आबकारी मंत्री, तत्कालीन मुख्यमंत्री के बेटे और तत्कालीन मुख्यमंत्री के उप सचिव शामिल हैं। जांच कई दिशाओं में आगे बढ़ी है, जिसमें डिस्टिलर, कैश हैंडलर, हवाला के जरिए पैसे भेजने वाले, एफएल-10ए लाइसेंस धारक और राजनीतिक सहयोगी शामिल हैं।







