Home » तालाब में नहाते समय हादसा, हाथी शावक की मौत से वन विभाग अलर्ट
छत्तीसगढ़

तालाब में नहाते समय हादसा, हाथी शावक की मौत से वन विभाग अलर्ट

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में हाथी शावक की मौत हो गई। घटना छाल रेंज के पुसल्दा गांव स्थित आमामुड़ा तालाब की बताई जा रही है, जहां हाथियों का दल नहाने पहुंचा था। इसी दौरान एक बड़े हाथी के नीचे दबने से शावक की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, छाल रेंज क्षेत्र में पिछले कई दिनों से करीब 70 हाथी अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे हैं। मंगलवार रात लगभग 8 बजे हाथियों का एक दल तालाब में नहा रहा था। इसी बीच अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बनी और एक शावक बड़े हाथी के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद एक मादा हाथी ने मृत शावक को तालाब से बाहर निकाला। पूरी रात हाथियों का झुंड शव के आसपास मंडराता रहा और चिंघाड़ता रहा। बुधवार सुबह भी हाथियों का दल घटनास्थल के आसपास ही मौजूद रहा, जिससे वन विभाग की टीम शावक के पास नहीं पहुंच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ही शावक का पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

गौरतलब है कि बीते पांच महीनों में जिले की अलग-अलग रेंजों में अब तक 8 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन विभाग और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है।

Search

Archives