Home » खौफनाक मर्डर मिस्ट्री! पति के अफेयर के शक में पत्नी बनी कातिल, सुपारी देकर कराई छात्रा की हत्या
छत्तीसगढ़

खौफनाक मर्डर मिस्ट्री! पति के अफेयर के शक में पत्नी बनी कातिल, सुपारी देकर कराई छात्रा की हत्या

बोरे में मिला कंकाल

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाला और बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां डीआरजी जवान की पत्नी ने पति के कथित अफेयर के शक में एक कॉलेज छात्रा की सुपारी देकर हत्या करवा दी। पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी और उसकी सौतेली बेटी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

50 हजार की सुपारी देकर कराई हत्या

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला कमली करटम (40) को शक था कि उसके पति पांडू करटम का 22 वर्षीय कॉलेज छात्रा रामदई कश्यप के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। इसी शक में कमली ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को 50 हजार रुपए देकर युवती की हत्या की साजिश रची।

बताया जा रहा है कि जून 2024 में रामदई कश्यप की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। बाद में कॉल डिटेल और रिश्तेदारों के बयान के आधार पर केस दोबारा खोला गया।

सौतेली बेटी ने किया पिकअप वाहन का इंतजाम

पूछताछ में सामने आया कि कमली ने अपने पति की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी (22) को दंतेवाड़ा भेजा था। लक्ष्मी ने वारदात के लिए पिकअप वाहन का इंतजाम किया। आरोप है कि रात में हुंगाराम उर्फ बुटू करटम ने घर में घुसकर रामदई कश्यप का मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी।

बोरे में भरकर नाले किनारे दफनाया शव

हत्या के बाद शव को सफेद प्लास्टिक की बोरी में भरकर पिकअप वाहन से ग्राम तोयलंका ले जाया गया। वहां घर के पीछे नाले किनारे शव को दफना दिया गया। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर दंडाधिकारी, फोरेंसिक टीम और गवाहों की मौजूदगी में खुदाई करवाई, जहां से बोरे में दबा कंकाल बरामद किया गया। अवशेषों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने कमली करटम और लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी हुंगाराम उर्फ बुटू करटम अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Search

Archives