Home » नाले में बही कार, 3 साल का बच्चा लापता, मंदिर दर्शन के बाद लौटते समय हुआ हादसा
बिलासपुर

नाले में बही कार, 3 साल का बच्चा लापता, मंदिर दर्शन के बाद लौटते समय हुआ हादसा

बिलासपुर।  सीपत थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में कार सवार लोग कार सहित नाले में बह गये। इसमें छोटे बच्चे समेत 9 लोग सवार थे।  किसी तरह 8 लोग तो बचाए गए लेकिन छोटा बच्चा कार समेत बह गया।  जिसकी तलाश की जा रही है।

दरअसल हरेली पर्व पर माता शक्ति दाई मंदिर उच्चभट्ठी से परिवार दर्शन कर लौट रहा था। ग्राम खम्हरिया के रहने वाले 29 साल के मोहनलाल साहू अपनी पत्नी, बच्चों और रिश्तेदारों के साथ कार में सवार था। इसी दौरान झलमला गांव के तुंगन नाला पुल पर करीब 3 फीट पानी बह रहा था। कार मोहन चला रहा था। पुल पार करते वक्त कार पानी के तेज बहाव में करीब 60 फीट दूर बह गई। कार में चार बड़े और पांच बच्चे सवार थे।

हादसे में सभी लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए और चार बच्चों को बचा लिया गया। मगर मोहनलाल का तीन साल का बेटा तेजस मां का हाथ छूटते ही कार समेत पानी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही सीपत टीआई गोपाल सतपथी पुलिस टीम और डायल 112 के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन शुरू कर तलाश में जुटी है।

Search

Archives