सारण। बिहार के सारण जिले में पूजा करने मंदिर गई किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात का वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल जांच कराई जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात 20 जुलाई की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि घटना वाले दिन मढौरा प्रखंड के शिल्हौरी मंदिर में एक किशोरी अपनी सहेलियों के साथ पूजा करने के लिए आई थी।
क्या है पूरा मामला
मढ़ौरा के एक गांव की रहने वाली लड़की ने पुलिस में दर्ज कराई कि वह अपनी सहेलियों के साथ 20 जुलाई को शिल्हौरी मंदिर में पूजा करने गई थी। उसने कहा कि यहां भेल्दी निवासी आरोपी राहुल कुमार भी अपने एक दोस्त के साथ आया हुआ था। पीड़िता ने कहा कि भेल्दी की एक सहेली की वजह से ही वह राहुल को जानती थी।
पीड़िता ने कहा कि घटना वाले दिन मंदिर से आरोपी अपने दोस्त के साथ उसे मोटरसाइकिल पर जबरदस्ती बैठाकर ले गया। आरोपी और उसके दोस्त ने भेल्दी के सराय बक्स चंवर में ले जाकर पीड़िता से दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद कुछ साथियों ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद वायरल वीडियो को कुछ युवतियों ने किशोरी को दिखाया।
स्वजन के साथ थाने पहुंची किशोरी
पीड़िता ने कहा कि इसके बाद स्वजन के साथ वह शुक्रवार को थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। एसडीपीओ नरेश पासवान ने बताया कि थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने भेल्दी थानाक्षेत्र से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को किशोरी को मेडिकल जांच कराने व बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेजा गया है। वहीं, गिरफ्तार युवक राहुल को जेल भेजा गया है। वीडियो बनाने और प्रसारित करने के मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।







