Home » न्यू मधु स्वीट्स और न्यू दिल्ली स्वीट्स से खोवा का लिया सैंपल, 4 दुकानों पर ₹13 हजार का जुर्माना
कोरबा • छत्तीसगढ़

न्यू मधु स्वीट्स और न्यू दिल्ली स्वीट्स से खोवा का लिया सैंपल, 4 दुकानों पर ₹13 हजार का जुर्माना

कोरबा। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार, 2 नवंबर 2026 को आयुक्त दीपक अग्रवाल एवं कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर की मिठाई दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक जांच अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के दौरान निहारिका स्थित मधु स्वीट्स से खोवा का सैंपल लिया गया, जबकि टीपी नगर स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। दोनों नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। वहीं, जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर प्रशासन ने चार प्रतिष्ठानों पर आर्थिक दंड भी लगाया। निहारिका स्थित रवि डेयरी पर ₹3,000 और लल्ला कैफे पर ₹2,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद टीपी नगर स्थित नेचुरल स्वीट्स पर ₹3,000 तथा सुगर क्राउन पर ₹5,000 का अर्थदंड लगाया गया।

इस तरह संयुक्त टीम की कार्रवाई में कुल ₹13,000 का जुर्माना लगाया गया, जबकि दो प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।

मिठाइयों की शुद्धता पर प्रशासन की नजर

त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट और गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता भी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन की इस कार्रवाई को खाद्य कारोबारियों के लिए स्पष्ट चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।

अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर रहेंगी। सवाल यह भी है कि क्या शहर के अन्य मिठाई प्रतिष्ठानों में भी इसी तरह नियमित जांच होगी? आखिरकार मिठाई खरीदने वाले उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ रोकना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।