दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से हत्या का मामला सामने आया है। पति ने कैरेक्टर पर शक के चलते अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सबको गुमराह करने के लिए बीमार बताकर उसे अस्पताल ले गया. लेकिन पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला धमधा थाना क्षेत्र के अगर गांव का है। वारदात 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11.30 बजे के बीच की है। मृतका की पहचान अन्नू खांडे (24 साल) के रूप में हुई है। आरोपी पति त्रिलोक खांडे (26 साल) है। जिसने शक के चलते जान ले ली।
पत्नी के कैरेक्टर पर करता था शक
जानकारी के मुताबिक़, जामुल थाना क्षेत्र के टेकापार गांव की रहने वाली अन्नू खांडे की शादी साल 2019 में त्रिलोक खांडे से हुई थी। दोनों की एक 5 साल की बेटी भी है। त्रिलोक हमेशा अन्नू पर शक करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। दोनों के बीच पिछले करीब 5 साल से लगातार विवाद चल रहा था।
छह महीने पहले भी अन्नू ने पति के खिलाफ जामुल थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। अन्नू कुछ दिन पहले ही मायके में तीज मनाने गई थी। वह तीज मनाकर 19 सितंबर को ससुराल से घर लौटी थी, जिसके बाद वापस दोनों के बीच विवाद हुआ।
हाथ-मुक्के से मारा और फिर उसका गला दबा दिया
विवाद इतना बढ़ा कि पति ने अन्नू खांडे के सिर पर हाथ-मुक्के से मारा और फिर उसका गला दबा दिया। किसी को शक हो इसलिए वारदात के बाद वो पत्नी को बीमारी का बहाना बनाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहांँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
शरीर पर चोट के निशान से शक हुआ। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई. जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच ने जुट गई पति से पूछताछ करने पर पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछने पर पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







