दिग्गज भारतीय फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने पेरिस कॉउचर फैशन वीक में अपना पहला शो पेश करके एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। उन्होंने 8 जुलाई को पेरिस के ‘पैविलियन कैंबोन’ में अपना नया कलेक्शन ‘मां’ पेश किया।
भारतीय और विदेशी फैशन का संगम : मनीष के इस कलेक्शन में फ्रांस के आधुनिक फैशन और भारत की पुरानी कारीगरी का बेहतरीन मेल देखने को मिला। कपड़ों में मखमल, सिल्क और ब्रोकेड का इस्तेमाल किया गया था। इन पर जर्दोजी, रेशम, सितारे और मोतियों की बेहद बारीक हाथ की कढ़ाई की गई है। इस खास मौके पर मनीष मल्होत्रा ने अपना नया ‘मनीष मल्होत्रा ज्वेलरी’ कलेक्शन भी दुनिया के सामने रखा।
शो में खास मेहमानों की मौजूदगी : दुनिया के इस सबसे बड़े फैशन शो में मनीष मल्होत्रा का हौसला बढ़ाने के लिए ईशा अंबानी, करण जौहर, एना विंटूर और मशहूर इंटरनेशनल एक्ट्रेस फैन बिंगबिंग जैसी बड़ी हस्तियां मौजूद थीं। इस शानदार डेब्यू के साथ ही मनीष मल्होत्रा उन गिने-चुने भारतीय डिजाइनरों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर भारतीय कला और संस्कृति का मान बढ़ाया है।







